डॉ. रेखा सिंह
वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र, रायपुर
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर (छ.ग.)

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हमेशा स्वस्थ आहार यानी पोषक तत्वों से भरपूर चीजों का सेवन करना जरूरी होता है। दालें भी पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इसमें उच्च मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है, जो संपूर्ण शारीरिक विकास में मदद करता है और शरीर की कार्य प्रणाली को सुचारू करता है। दालें विटामिन और आयरन, फोलेट, जिंक और मैग्नीशियम का महत्वपूर्ण स्त्रोत होता हैं, इसलिए इसे स्वास्थ्य के लिए बेहद ही जरूरी आहार माना जाता है वैसे तो दाल भारतीय व्यंजनों के प्रसिद्ध आहारों में से एक है, लेकिन आज के समय में फास्ट फूड का प्रचलन इतना बढ़ गया है कि भोजन में दाल का इस्तेमाल लोग कम करने लगे हैं। इसका असर युवाओं के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। इसलिए हर किसी को दालों को अपने आहार में शामिल करना ही चाहिए।

दाल भारत में काफी लोकप्रिय है और भोजन में भी जरूरी है, भारतीय व्यंजनों में कई स्वादिष्ट पौष्टिक करी और अन्य स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने के लिए कई तरह की दाल का उपयोग किया जाता है, दाल दुनिया भर के भारतीयों के लिए चाहे वह शाकाहरी हैं या मांसाहारी दोनों के लिए समान रूप से दोपहर और रात के भोजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, प्रोटीनयुक्त भोजन होने की वजह से यह काफी लोगों के लिए एक आरामदायक भोजन है, हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्हे दाल पसंद नहीं होती दाल काफी बहुमुखी है इसका इस्तेमाल कई जगह स्नैक्स बनाने के लिए भी किया जा सकता है, इसके अलावा आप दाल से दिलचस्प डिजर्ट भी बना सकते है।

अलग-अलग प्रकार के दालों के सेवन से होने वाले फायदें-

1. मसूर दाल के फायदे

मसूर दाल में पाये जाने वाले पोषक तत्व (पोषक तत्व प्रति 100 ग्राम में)
  • प्रोटीन - 25.1 ग्राम
  • वसा - 0.7 ग्राम
  • कार्बोहाइड्रेट - 56.6 ग्राम
  • कैलोरी - 343 कि. कैलोरी
  • मिनरल - 2.1 ग्राम
  • कैल्शियम - 69 मि. ग्राम
  • फाइबर - 0.7 ग्राम
  • आयरन - 7.58 मि.ग्राम

इस दाल के सेवन से शरीर में खून की मात्रा बढ़ती है और साथ ही दस्त और कब्ज की समस्या भी दूर होती है। मसूर दाल आंखों के लिए भी फायदेमंद होती है। नियमित रूप से इसके सेवन से आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद मिलती है।

2. चने की दाल के फायदे


चना दाल में पाये जाने वाले पोषक तत्व (पोषक तत्व प्रति 100 ग्राम में)
  • प्रोटीन - 20.8 ग्राम
  • वसा - 5.6 ग्राम
  • कार्बोहाइड्रेट - 59.8 ग्राम
  • कैलोरी - 372 कि. कैलोरी
  • मिनरल - 2.7 ग्राम
  • कैल्शियम - 56 मि. ग्राम
  • फाइबर - 1.2 ग्राम
  • आयरन - 5.3 मि.ग्राम
चना दाल के नियमित सेवन से हार्मोन के स्तर बढ़ाने में मदद मिलती है। साथ ही यह कोलेस्ट्रॉल के स्तर को भी कम करता है। चूंकि इस दाल में वसा की मात्रा कम होती है, इसलिए इसके सेवन से शरीर में चर्बी की मात्रा को भी कम किया जा सकता है।

इसमें डाईटरी प्रोटीन की मात्रा काफी अधिक होती है। डायबिटीज से बचाव के लिये लाभदायक होती है, इसमें भरपूर मात्रा में आयरन, सोडियम और सेलेनियम भी होता है। अंकुरित चने विटामिन बी काम्प्लेक्स का अच्छा स्त्रोत है, पाचन तंत्र में सहायक होने से पेट साफ रखने में मदद मिलती है। इससे शरीर को भरपूर ऊर्जा भी मिलती है, यह हीमोग्लोबिन वर्धक भी है।

3. उड़द दाल के फायदे


उड़द दाल में पाये जाने वाले पोषक तत्व (पोषक तत्व प्रति 100 ग्राम में)
  • प्रोटीन - 24.0 ग्राम
  • वसा - 1.4 ग्राम
  • कार्बोहाइड्रेट - 59.6 ग्राम
  • कैलोरी - 347 कि. कैलोरी
  • मिनरल - 3.2 ग्राम
  • कैल्शियम - 157 मि. ग्राम
  • फाइबर - 0.9 ग्राम
  • आयरन - 3.8 मि.ग्राम
इस दाल में आयरन की मात्रा अधिक होती है और आयरन हमारे पूरे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बहुत जरूरी होता है। इससे खून की कमी नहीं होती है और शरीर में ऊर्जा का स्तर बढ़ाने में भी मदद मिलती है। उड़द की दाल मजबूत हड्डियों के लिए भी जरूरी है। इसके अलावा डायबिटीज में भी यह दाल फायदेमंद होती है। पाचन में सुधार करती है, अस्थि खनिज घनत्व को बढ़ाती है। त्वचा के लिये गुणकारी होती है, हदय और मधुमेह के रोगियों के लिये लाभकारी होती है।

4. मूंग दाल के फायदे


मूंग दाल में पाये जाने वाले पोषक तत्व (पोषक तत्व प्रति 100 ग्राम में)
  • प्रोटीन - 24.5 ग्राम
  • वसा - 1.2 ग्राम
  • कार्बोहाइड्रेट - 59.9 ग्राम
  • कैलोरी - 348 कि. कैलोरी
  • मिनरल - 3.5 ग्राम
  • कैल्शियम - 75 मि. ग्राम
  • फाइबर - 0.8 ग्राम
  • आयरन - 3.9 मि.ग्राम
मूंग दाल का सेवन करने से हमारे शरीर में इन्सुलिन की मात्रा बढ़ जाती है जिससे डायबिटीज जैसी बीमारी से लड़ने में और इसे रोकने में मदद मिलती है। मूंग दाल की मदद से आप अपनी शरीर का कोलेस्ट्रॉल भी कंट्रोल कर सकते है। अगर आप ब्लड प्रेशर की समस्या से परेशान है तो आपको मूंग दाल का सेवन जरूर करना चाहिए क्योंकि ब्लड प्रेशर की असली वजह होता है सोडियम और मूंग दाल में सोडियम की मात्रा बिल्कुल भी नहीं होती है। कुछ लोगो को पेट में गर्मी की शिकायत होती है इसके अलावा भी पेट से सम्बंधित पेट की बहुत समस्या होती है मूंग दाल आपको इन सबसे राहत दिलाती है और आपके पेट को ठंडा रखती है। मूंग दाल विटामिन, कैल्शियम, आयरन, और फाइबर से भरपूर होती है जिसकी हमारे शरीर को सबसे ज्यादा जरुरत होती है। आपके शरीर में जितने भी तत्वों को कमी होगी वो इस पौष्टिक दाल का सेवन करने से जरूर पूरी हो जाएगी।

5. अरहर दाल के फायदे


अरहर दाल में पाये जाने वाले पोषक तत्व (पोषक तत्व प्रति 100 ग्राम में)
  • प्रोटीन - 17.1 ग्राम
  • वसा - 5.3 ग्राम
  • कार्बोहाइड्रेट - 60.9 ग्राम
  • कैलोरी - 347 कि. कैलोरी
  • मिनरल - 3.0 ग्राम
  • कैल्शियम - 202 मि. ग्राम
  • फाइबर - 3.9 ग्राम
  • आयरन - 4.6 मि.ग्राम
इसे तुअर की दाल भी कहा जाता है। इसमें प्रोटीन,वसा, कार्बोहाइड्रेट और कई पोषक तत्व पाए जाते है, जो शरीर के लिए जरूरी होते हैं। नियमित रूप से इसके सेवन से गैस और पेट दर्द की समस्या से निजात मिल सकती है। चूंकि यह फाइबर का भी अच्छा स्त्रोत होता है, इसलिए यह वनज घटाने में भी उपयोगी है।

छत्तीसगढ़ में दाल से बनने वाले व्यंजन

बफौरी सादा
मसूर दाल को भिगोकर, उसे दरदरा पीसकर, गोल आकार देकर, भाप में पकाया और तेल से छौंका गया।


बफौरी मिक्स दाल
चना, मूंग, उड़द, मसूर दाल बराबर मात्रा में पानी में भिगोकर दरदरा पीसकर मुठ्ठी से गोल आकार देकर भाप से पकाया तथा सरसों मिर्च से तेल में छौंका गया।


बरा उरिद दाल
भीगी उड़द दाल को पीस कर हरी मिर्च धनिया बारीक काट कर गूंथकर फेंटकर गर्म तेल में तला गया नमकीन।


बरा मूंग दाल
भीगी मूंग दाल को पीस कर हरी मिर्च धनिया बारीक काट कर गूंथकर फेंटकर गर्म तेल में तला गया नमकीन।


चीला
बेसन को पानी में घोलकर तवे पर हल्की आंच में तेल से सेंका गया नमकीन।


दाल खाने के फायदें:
  • एक कप दाल खाने से 18 ग्राम प्रोटीन प्राप्त होता है।
  • दालें सुपाच्य होती है।
  • दिल की सेहत के लिए भी दाल खाने की सलाह दी जाती है।
  • हर रोज एक कप दाल खाने से आयरन की जरूरी मात्रा की पूर्ति हो जाती है।
  • दालों में भरपूर मात्रा में आयरन, मैग्नीशियम और जिंक पाया जाता है।
दाल खाना और बनाना बहुत ही आसान है। दाल को बनाने की सभी सामग्री भी आसानी से घर पर ही मिल जाती है। आप इसे घर पर भी बहुत स्वादिष्ट बना सकते है। दाल बहुत ही पोष्टिक व्यंजन है जैसा की हम सब जानते है की दाल खाने से बहुत फायदे होते है। दाल मे प्रोटीन होता है । अगर दाल को अच्छे घी मे बनाई जाए तो इसका स्वाद और खुशबु दोनों ही बहुत लाजवाब हो जाते है। दाल को और स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें अच्छे मसाले डाले ताकि सब इसे शौक से खाए और विशेष तौर पर बच्चे। अगर आप दाल को अच्छे मसालो मे स्वादिष्ट बनाए तो बड़े तो बड़े बच्चे भी इसे शौक से खाएंगे।